आगरालीक्स…आगरा के साफ्टवेयर इंजीनियर की मौत में बड़ा खुलासा. आत्महत्या नहीं हत्या की गई थी इंजीनियर की. चौंकाने वाली आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट
आगरा के गुरु गोविंद सिंह नगर राजपुर चुंगी के रहने वाले साफ्टवेयर इंजीनियर अंचल कुमार तिवारी की मौत के मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. रिपोर्ट में उनकी मौत आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या दर्शाई गई है. साफ्टवेयर इंजीनियर को गला घोंट कर मारा गया है. शुक्रवार को उनकी लाश फिरोजाबाद में हजारा नहर में मिली थी. वह 4 दिसंबर से लापता थे और 6 दिसंबर मंगलवार को एटा में अंचल की कार जावड़ा नहर पुल के पास पटरी पर लावारिस हालत में खड़ी मिली थी. कार के अंदर मिले मोबाइल, लैपटॉप बैग व अन्य डॉक्युमेंट से पहचान की गई थी और तब से ही इंजीनियर की तलाश नहर में की जा रही थी. शुक्रवार को उसका शव फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र के गांव झाल गोपालपुर स्थित हजारा नहर में मिला.

आत्महत्या नहीं, हत्या हुई
शुक्रवार को अचंल तिवारी का शव नहर में मिलने के बाद आशंका जताई जा रही थी कि अंचल ने आर्थिक परेशानियों और पिता की मौत के कारण सदमे व तनाव में आने के बाद नहर में कूदकर आत्महत्या की है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत हत्या दर्शाई गई है. अंचल तिवारी को गला घोंट कर मारा गया है.
दो करोड़ की संपत्ति का मालिक
अंचल कुमार की मौत के मामले में पुलिस अब नये सिरे से जांच शुरू कर सकती है लेकिन इस मामले में कई चौंकाने वाली बात भी सामने आई थी. 6 दिसंबर को अंचल की कार एटा में नहर के पास मिली जिसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया. परिजनों ने बताया था कि अंचल 4 दिसंबर यानी दो दिन पहले घर से निकले थे और तब से ही वापस नहीं लौटे थे. परिजनों ने छह दिसंबर को पुलिस की सूचना मिलने के बाद गुमशुदगी की तहरीर दी. बताया जाता है कि अंचल तिवारी करीब दो करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक थे.