आगरालीक्स…रेलवे स्टेशन पर बेचा जा रहा था सड़ा पेठा. चार स्टॉल सील. ओवरचार्जिंग पर भी लगाया एक लाख रुपये तक का जुर्माना. आप भी कर सकते हैं इस नंबर पर शिकायत
मथुरा स्टेशन पर गुरुपूर्णिमा मेले को देखते हुए भारी भीड़ है । रेल प्रशासन द्वारा यात्री सुविधा हेतु तमाम प्रबंध किए गए हैं । स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को खान पान, पेयजल तथा शौचालय की उचित व्यवस्था प्रदान करवाने के लिए लगातार वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण तथा मॉनिटरिंग की जा रही है। देर रात मण्डल वाणिज्य प्रबंधक तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक द्वारा औचक छापेमारी की गई जिसमें यात्रियों से ओवरचार्जिंग और खाने की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पे स्टालों पर एक लाख तक का जुर्माना लगाया गया। प्लेटफार्म नंबर 7 और 8 की ऐसी 4 दुकानों पर ये कार्यवाही हुई है।

कैटरिंग स्टाल के ठेकेदारों को हिदायत दी गई है की यदि गुणवत्ता में कमी पायी गई तो स्टाल को सील कर तुरंत बंद करवा दिया जाएगा।ओवरचार्जिंग पर लगातार कड़ी कार्यवाही जारी रहेगी और भारी जुर्माने लगाये जाएँगे। अधिकारियों ने पे एंड यूज शौचालयों का भी निरीक्षण किया और साफ़ सफ़ाई संतोषजनक ना होने पे रु 10000/- का जुर्माना लगाया गया। मेले में आये यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाओं में कमी को हल्के में नहीं लिया जा सकता इसके लिए स्टेशन के पर्यवेक्षकों को भी कड़ी चेतावनी दी गई है!
अगर रेल यात्रा के दौरान आपसे भी कोई एमआरपी से ज्यादा पैसे वसूलता है, तो आप उसकी शिकायत ट्रेन में बैठे ही रेलवे से कर सकते हैं. अवैध वसूली की शिकायत के लिए आप रेलवे शिकायत हेल्प लाइन नंबर 139, रेल मदद ऐप और रेलवे वेबसाइट के माध्यम से ट्रेन में बैठे ही कर सकते हैंl