आगरालीक्स…बड़ा एक्शन, आगरा मंडल की 32 स्कूली बसों के परमिट सस्पेंड, छह माह से नहीं कराई थी फिटनेस. पांच साल से परमिट रिन्यूअल नहीं कराने वाले परमिट होंगे निरस्त
आगरा संभाग में 32 स्कूली बसों व वाहनों ने नोटिस देने व अवगत कराने के बाद भी 06 माह से वैध फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किया गया है, मंडलायुक्त ने आमजन व बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत ऐसे सभी स्कूली वाहनों जिनमें जनपद आगरा के 07, मथुरा के 14, फिरोजाबाद के 10 तथा जनपद मैनपुरी का 01परमिट तत्काल प्रभाव से परमिट सस्पेंड करने के कड़े निर्देश दिए. इसके अलावा परमिट धारकों द्वारा स्कूली वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने पर परमिट बहाल करने तथा 90 दिन के अंदर फिटनेस प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करने पर परमिट समाप्त करने की कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने हेतु संबंधित को निर्देशित किया।
मंगलवार को मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में 51 वीं संभागीय परिवहन प्राधिकरण, आगरा की बैठक लघु सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम मंडलायुक्त महोदय द्वारा प्राधिकरण की विगत बैठक में लिए गए निर्णय पर की गई कार्यवाही की अनुपालन आख्या तलब की गई जिसमें बताया गया कि विगत बैठक में दिए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया गया है।
तीन महीने में इतने परमिट जारी
बैठक में मंडलायुक्त के समक्ष प्राधिकरण द्वारा विगत 03 माह में आगरा मंडल में जारी नए परमिट, परमिट नवीनीकरण, वाहन प्रतिस्थापन, परमिट निरस्तीकरण आदि का विवरण प्रस्तुत किया गया जिसमें बताया गया कि जनपद आगरा में विभिन्न श्रेणी के वाहनों के नये जारी परमिटों की संख्या 554, परमिट नवीनीकरण 204, तथा विभिन्न कारणों से परमिट निरस्तीकरण 350 हैं,फिरोजाबाद में नए जारी परमिट 413, परमिट नवीनीकरण 19 व परमिट निरस्तीकरण 276 हैं,मथुरा में नए जारी परमिट 346, नवीनीकरण 56 तथा 224 परमिट निरस्तीकरण और मैनपुरी में नए परमिट 280, परमिट नवीनीकरण 14, एवं 139 परमिट निरस्तीकरण की कार्यवाही की गई है।
बैठक में अवगत कराया गया कि आगरा संभाग में 768 ऑटो रिक्शा,19 निजी सेवा यान,262 संपूर्ण उ.प्र. माल यान तथा 515 राष्ट्रीय भार वाहन द्वारा तीन वर्ष या उससे अधिक अवधि से सार्वजनिक नोटिस देने पर भी परमिट धारकों द्वारा परमिट का नवीनीकरण नहीं कराया तथा न फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया गया है, बार बार अवगत कराए जाने के बाद भी परमिट नवीनीकरण तथा फिटनेस न कराने पर राजस्व की हानि परिलक्षित है, मंडलायुक्त महोदय ने विचारोपरांत 05 वर्ष से फिटनेस व परमिट नवीनीकरण न कराने पर परमिट निरस्त करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में, उप परिवहन आयुक्त विदिशा सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) आगरा, अरुण कुमार, एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एआरटीओ आगरा आलोक अग्रवाल, एआरटीओ मैनपुरी शिवम यादव, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज बी पी अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।