आगरालीक्स…आगरा में 10 साल की लड़की ने दिखाई हकीकत तो नगर निगम ने शुरू किया प्लास्टिक पॉल्यूशन के खिलाफ अभियान….29 जून से शुरू हो रहा प्लास्टिक पॉल्यूशन के खिलाफ महाअभियान…
आगरा में 21 जून को 10 साल की एक सामाजिक कार्यकर्ता Licypriya Kangujam ने ताजमहल के पीछे यमुना किनारा पर प्लास्टिक पॉल्यूशन का एक फोटो अपने ट्वीटर एकाउंट पर शेयर किया था जिसमें उन्होंने सैड इमोजी लगाकर लिखा ”ताजमहल की खूबसूरती के पीछे! धन्यवाद मनुष्य. ताजमहल देखने के दौरान आपने यह नजारा देखा होगा. आप कह सकते हैं कि यह बहुत प्रदूषित है, लेकिन आपके पॉलीथीन बैग का 1 टुकड़ा, एक साधारण प्लास्टिक की पानी की बोतल ने इस स्थिति का नेतृत्व किया, जब हर साल लाखों लोग आते हैं.” Licypriya Kangujam की इस फोटो वाली खबर देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोग इस पर अपने—अपने विचार भी व्यक्त करने लगे. मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो खबर पर एक्शन लिया गया. नगर आयुक्त ने दशहरा घाट के पीछे सफाई का काम करने वाली कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया. यही नहीं इस फोटो के कारण आगरा में सफाई व्यवस्था की काफी फजीहत भी हुई.
ऐसे में अब नगर निगम इससे सबक लेकर प्लास्टिक पॉल्यूशन के खिलाफ एक महाअभियान शुरू करने जा रहा है. 29 जून से 3 जुलाई तक चलने वाले इसअभियान में लोगों को तरह—तरह से प्लास्टिक पॉल्यूशन के खिलाफ जागरूक किया जाएगा और प्लास्टिक और प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने की शपथ दिलाई जाएगी. अभियान की शुरुआत ताजमहल के पीछे दशहरा घाट से की जाएगी और हर दिन विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. शनिवार को नगर निगम के सदर कक्ष में नगर आयुक्त ने बैठक कर अभियान की रूपरेखा बताई और सुझाव भी लिए.
इस दिन ये होंगे कार्यक्रम
29 जून को दशहरा घाट पर मेयर करेंगे अभियान की शुरुआत, शपथ ग्रहण के साथ होगा सफाई अभियान
30 जून को नुक्कड़ नाटक, इको मेला, शहर के चौराहों पर शपथ और सफाई अभियान चलाया जाएगा
1 जुलाई को जीरो वेस्ट लाइफस्टाइल प्रदर्शनी, प्लास्टिक बैंक, नदी के घाट पर सफाई की जाएगी
2 जुलाई को सभी नालों पर लगे लोहे के जाल से प्लास्टिक कचरा हटाना, शपथ और सफाई की जाएगी.
3 जुलाई को यमुना के घाट पर ईको मेला लगाया जाएगा. यहां पर भी सफाई अभियान के साथ शपथ ग्रहण समारोह होगा.