आगरालीक्स…आगरा में 15 दिसंबर से बदल सकता है मौसम. कड़ाके की ठंड हो सकती है शुरू. जानें आज का तापमान
आगरा में इस समय तेज धूप निकल रही है और दिन के समय धूप इतनी तेज होती है कि उसमें बैठा भी नहीं जा रहा है. इसका असर तापमान पर पड़ रहा है जो कि सामान्य से ऊपर चल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

दिसंबर का महीना चल रहा है लेकिन अभी भी घरों में हल्की रफ्तार से पंखे चल रहे हैं. रात को मच्छरों के कारण पंखा चलाना पड़ रहा है तो वहीं दिन में तेज धूप का असर देखा जा रहा है. हालांकि मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा का मौसम 15 दिसंबर से बदल सकता है. न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक तो वहीं अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. सुबह के समय कोहरा छाने की भी संभावना है.