आगरालीक्स…Agra News: आगरा के किनारी बाजार में सिलेंडर ब्लास्ट में दो की मौत, हादसे का लाइव वीडियो आया सामने। चीख पुकार के बीच घायलों को पहुंचाया अस्पताल, पूरा बाजार बंद। ( Agra News: Two died after blast in Cylinder in Wholesale Jewellry Market Kinari Bazar, Live Video#Agra )
आगरा के किनारी बाजार चौबेजी का फाटक में थोक सोने चांदी के शोरूम हैं, टंच का काम होता है। गुरुवार दोपहर में किनारी बाजार में टंच का काम चल रहा था, इसी दौरान सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। तेज आवाज के साथ ही प्रथम तल से मलबा नीचे की तरफ गिरा। व्यस्त बाजार में धमाके की आवाज से अफरा तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं ही धुआं छा गया।
सड़क पर तड़ता रहा ब्लास्ट में झुलसा युवक
घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, इसमें किनारी बाजार में पहली मंजिल पर अचानक से ब्लास्ट हुआ और मलबा नीचे से गुजर रहे एक युवक पर गिरा। युवक पर लोगों ने पानी डाला। इसके कुछ देर बाद ही एक युवक झुलसा हुआ बाहर की तरफ निकला दिखाई दिया तो दूसरा युवक सड़क पर तड़त पर रहा था उसके कपड़े जल गए और बुरी तरह से झुलसा हुआ था।
हादसे में दो की मौत
तेज आवाज के साथ हुए धमाके के बाद किनारी बाजार की दुकानें बंद हो गईं, किनारी बाजार के साथ ही फव्वारा सहित आस पास के बाजार से बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। घायलों के हाथ और पैर पकड़कर ले जाते हुए भी वीडियो सामने आए हैं। हादसे में दो की मौत बताई जा रही है जबकि तीन से चार लोग घायल हुए हैं।
दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया
व्यस्त बाजार में धमाके की सूचना पर दमकल कर्मियों के साथ ही पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए। डीसीपी सिटी सोनम कुमार का कहना है कि आग पर काबू पा लिया गया है, पांच लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है।