आगरालीक्स….आगरा को मुगलों की नहीं छत्रपति शिवाजी महाराज की आवश्यकता. अगले साल मेट्रो में सफर करेंगे आगरावासी. सीएम ने दी 488 करोड़ की सौगात. बटन दबाकर प्रोजेक्ट्स का किया शिलान्यास व लोकार्पण…
आगरा में आज सीएम योगी आदित्यनाथ हैं. उन्होंने तारघर मैदान में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को सम्बोधित किया. इससे पहले उन्होंने आगरा को 488 करोड़ के 88 प्रोजेक्ट्स की सौगात दी. उन्होंने बटन दबाकर योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया.
तारघर मैदान में सीएम ने भारत माता की जय और वंदे मातरम से अपने संबोधन की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि आज आगरा अपनी पौराणिक पहचान फिर से स्थापित कर रहा है. इसे आगे बढ़ाने के लिए ही मैं आया हैं. उन्होंने कहा कि सबको पता है कि 2014 से पहले देश की क्या स्थिति थी. राजनीति में अविश्वास था और अराजकता था, लेकिन अब भारत एक बार फिर से दुनिया के अंदर अपने आप को धमाकेदार तरीके से स्थापित कर रहा है. भारत आज दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है. आजादी के अमृत महोत्सव में इससे बड़ी सौगात क्या हो सकती है कि दुनिया के 20 सबसे बड़े देश आजादी के अमृत महोत्सव में इस बार भारत आ रहे हैं. यह सब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का ही कमाल है कि भारत इस बार जी20 सम्मलेन की अध्यक्षता कर रहा है. आजादी के अमृत महोत्सव में इससे बड़ी सौगात और क्या हो सकती है.

उन्होंने कहा कि ऐसे ही आगरा के साथ जुड़ा हुआ है. 2017 से पहले आगरा सबसे गंदे शहरों में गिना जाता था और प्रदूषण इस कदर था कि सभी उद्योग सुप्रीम कोर्ट ने बंद कर दिए. आज प्रशंसा है कि पिछले पांच वर्षों के अंदर यूपी में लोगों ने बदलती तस्वीर को देखा है. आज आगरा स्मार्ट सिटी के रूप में नित नये कीर्तिमान सथापित कर रहा है. मेट्रो का काम यहां तेज गति से चल रहा है. एक वर्ष के अंदर आगरावासी मेट्रो की सुविधा का लाभ् उठाएंगे. मेट्रो आगरा को एक नई पहचान दिलाएगी. सीएम ने कहा कि आगरा के अंदर इससे पहले भी कार्य होता था लेकिन उसके पीछे की मंशा कुछ और ही होती थी लेकिन आज आगरा विकास की नई गाथा गा रहा है. आगरा को मुगलों की नहीं छत्रपति शिवाजीमाहराज की आवश्यकता है. सीएम ने कहा कि आगरा स्मार्ट सिटी के रूप में अपनी पहचान बना रहा है. यमुना को प्रदूषण मुक्त करने का काम चल रहा है. हर घर नल की योजना है. सब संभव हो पाया है कि आगरा एक सभ्य शहर के रूप में, स्मार्ट सिटी के रूप में, सुरक्षित सिटी के रूप में आगरा है. यह सब प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन और केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से ही हो पाया है.