आगरालीक्स.. आगरा में आरएसएस के सरकार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी ने स्वयंसेवकों से कहा कि सोशल मीडिया पर सकारात्मक सक्रियता बढ़ानी होगी। सामाजिक समरसता, सद्भाव, एकात्मकता, स्वदेशी का भाव, स्वावलंबन का भाव स्थायी रूप से समाज का भाव बन सके, ऐसा कार्य करना होगा। वे रविवार को आगरा के गायत्री पब्लिक स्कूल, शास्त्रीपुरम में ब्रज प्रांत के दो दिवसीय कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को संबोधित कर रहे थे।
पहले सत्र में सुबह 7:30 बजे से मुख्य शिक्षक पर्यंत के साथ बैठक हुई, इसके बाद नगर कार्यकारिणी पर्यंत, महानगर कार्यकारिणी पर्यंत के सदस्य बैठक में शामिल हुए। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए भैयाजी जोशी ने पहले संघ की कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हमें यह देखना है, जो भी शाखा के संपर्क में आए उसके व्यवहार में अंतर स्पष्ट दिखना चाहिए। शाखा के क्षेत्र में प्रत्येक परिवार किस प्रकार आदर्श परिवार बन सके। उसके सभी सदस्य संस्कारवान और देशभक्त हों। उन्होंने स्वयंसेवकों को बौद्धिक देते हुए भारतीय संस्कृति की रक्षा का आह्वान किया। कहा कि विश्व में भारत वर्ष में ही परिवार की संस्था है। इसे बचाकर रखना है, तभी भारतीय संस्कृति की रक्षा होगी।
सोमवार सुबह 7:30 आगरा कालेज में होगा एकत्रीकरण
सोमवार सुबह 7:30 बजे आगरा कालेज के मैदान में स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण कार्यक्रम होगा। इसमें स्वयंसेवकों के साथ-साथ शहर के चिकित्सक, अधिवक्ता, शिक्षक, व्यवसायी, समाजसेवी आदि लोगों को आमंत्रित किया गया है। यहां भैयाजी जोशी का संबोधन होगा। इसके बाद एमपीएस स्कूल में कार्यक्रम होगा।
फाइल फोटो