आगरालीक्स…अब हाइवे पर चलने वाले वाहनों से बनेगी बिजली. आगरा के हिन्दुस्तान कॉलेज के मेकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों ने बनाया उर्ध्वाधर अक्ष पवन टरबाइन…
शारदा ग्रुप के प्रतिष्ठित संस्थान हिन्दुस्तान कॉलेज ऑफ साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी के मेकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों पीयूष लवानिया और विकास कुमार मिश्रा ने दिलीप जौहरी के निर्देशन में एक ऊर्ध्वाधर अक्ष पवन टरबाइन बनाया। हिन्दुस्तान कॉलेज के निदेशक प्रो. वी. के. शर्मा ने दोनों छात्रों और विभाग को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनायें दी।
प्रोजेक्ट के समन्वयक दिलीप जौहरी ने बताया कि यह परियोजना राजमार्गों पर चलने वाले वाहनों से उत्पन्न पवन से बिजली उत्पन्न कर सकती है। इसका उपयोग स्ट्रीट लाइट, बल्ब आदि को बिजली देने के लिए किया जा सकता है। इसकी निर्माण लागत भी कम है और इसे हाईवे पर कहीं भी स्थापित किया जा सकता है। टरबाइन ब्लेड को फाइबर शीट द्वारा बनाया गया है और इसकी संरचना स्टील रॉड द्वारा बनाई गई है। इसमें एक जनरेटर है जो पवन ऊर्जा को विद्युत ऊर्जा में परिवर्तित करता है। टरबाइन ब्लेड का डिजाइन नया है जो उन्हें चलते वाहनों से अधिकतम पवन ऊर्जा प्राप्त करने में सक्षम बनाता है। संपूर्ण टरबाइन का निर्माण कॉलेज प्रयोगशालाओं में छात्रों द्वारा किया गया है।
विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत मंगला ने छात्रों को बधाई दी और बताया कि यह परियोजना नवीकरणीय ऊर्जा संसाधनों पर आधारित है और हम जीवाश्म ईंधन पर अपनी निर्भरता को कैसे कम कर सकते हैं । उपलब्ध सौर ऊर्जा का उपयोग करने के लिए इस मंडल में सौर पैनल भी जोड़े जा सकते हैं। इससे हम अधिक से अधिक नवीकरणीय ऊर्जा संसाधनों का उपयोग कर सकते हैं और जीवाश्म ईंधन, कोयला आदि पर अपनी निर्भरता कम कर सकते हैं । इस अवसर पर दोनों छात्रों ने अपनी इस उपलब्धि के लिए अपने मागदर्शक दिलीप जौहरी, विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत मंगला एवं अपने शिक्षकों का धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर आई. क्यू. ए.सी. निदेशक डॉ. हरेन्द्र सिंह, डीन आर एण्ड डी प्रो. एम. एस. गौर, डीन स्टूडेंट वैलफेयर डॉ. संदीप अग्रवाल, डीन अकैडमिक श्री विजय कट्टा, डॉ. कपिल गुप्ता, डॉ. आर प्रसाद, श्री दिनेश कुमार, श्री महेश धाकड़, श्री आनंद पौरस, संस्थान के समस्त विभागध्यक्ष एवं शिक्षकगण व कर्मचारियों ने दोनों छात्रों को बधाई एवं शुभकामनायें दी ।