आगरालीक्स… आगरा के आंबेडकर विवि में एमएड के फर्जी प्रमाणपत्र के साथ शिक्षक पकडा गया, दस्तावेज पकडे जाने के बाद शिक्षक अपने अन्य साथी पांच शिक्षकों के साथ भाग खडा हुआ।
आगरा में 11 अप्रैल को एमसीएस एजूकेशनल इंस्टीट्यूट, खैर अलीगढ़ बीएड शिक्षक अभय यादव निवासी महौली, सिंहपुर सराय, तरावा जिला आजमगढ़ को नेट के फर्जी प्रमाण पत्र के साथ चयन समिति ने पकड़ लिया था। विवि प्रशासन ने मुकदमा दर्ज कराया था, इसके बाद जेल भेज दिया गया। इसके बाद से अनुमोदन के लिए आए बीएड शिक्षक दस्तावेज छोड़कर भाग गए थे। विवि के गेस्ट हाउस में बीएड कॉलेज के शिक्षकों के अनुमोदन की प्रक्रिया चल रही है। चयन समिति शिक्षकों का साक्षात्कार लेने के साथ दस्तावेजों की जांच कर रही है। यहां दोपहर में दिग्विजय सिंह डिग्री कॉलेज भटपुरा, मैनपुरी के सात शिक्षक अनुमोदन के लिए पहुंचे। चयन समिति दस्तावेजों की जांच करने लगी, शिक्षक सीता राम और अतुल कुमार ने एमएड की डिग्री लगा रखी थी, इन डिग्री पर वर्धमान डिग्री कॉलेज बिजनौर दर्ज था। चयन समिति के सदस्य की नजर पड़ गई, उन्हें पता था कि इस कॉलेज में एमएड नहीं है। वे शिक्षक से सख्ती से पूछताछ करने लगे, दस्तावेज पकड़े जाने पर दोनों शिक्षक और उनके साथ आए अन्य पांच शिक्षक भाग खड़े हुए। विवि ने दस्तावेज जब्त कर लिए हैं, इन सभी शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है। पीआरओ डॉ. गिरजा शंकर का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।