आगरालीक्स…एकतरफा प्रेम में खूनी बना आशिक. एफबी पर दोस्ती से इनकार करने पर किशोरी की चाकुओं से गोदकर की हत्या. बचाने आई मां को भी किया चाकू से घायल
आगरा मंडल के मथुरा जिले में सिरफिरे आशिक ने किशोरी की चाकुओं से गोदकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है. आरोपी युवक ने मृतक किशोरी की मां को भी चाकू मारकर घायल कर दिया है. इसके बाद उसने खुदकुशी की कोशिश की लेकिन बच गया. आरोपी के खिलाफ थाना हाइवे में मुकदमा दर्ज कराया गया है. फेसबुक पर दोस्ती से इनकार करने पर सिरफिरे आशिक ने इस घटना को अंजाम दिया. घटना से परिवार में दहशत मची हुई है.

मुजफ्फरनगर से चाकू लेकर आया मथुरा
मामला मथुरा के थाना हाइवे अंतर्गत नगला बोहरा का है. यहां रहने वाली 16 साल की सोनम के पिता तेजवीर सिंह रिटायर्ड फौजी हैं और इस समय फरीदाबाद में सिक्योरिटी की नौकरी करते हैं. बताया जाता है कि रविवार देर शाम उनके घर पर मुजफ्फरनगर के थाना मंडी स्थित गांव कुकड़ा का रहने वाला अवि कश्यम पहुंचा. उसके हाथ में शादी का कार्ड था जिसमें वह चाकू छुपा कर लाया था. युवक ने घर में घुसते ही रिटायर्ड फौजी की बेटी सोनम पर चाकुओं से हमला कर दिया. सोनम पर उसने चाकुओं से कई ताबड़तोड़ प्रहार किए जिससे कि सोनम की मौत हो गई. इस दौरान सोनम को बचाने आई उसकी मां सुनीता को भी आरोपी ने कंधे और कमर में चाकू से मारकर घायल कर दिया. इसके बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू मारकर खुदकुशी की कोशिश की. इस वारदात को अंदर सोनम की छोटी बहन तनु और छोटा भाई हेमंत देख रहे थे जो कि घटना के बाद से काफी दहशत में हैं.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक और मृतका की मां को अस्पताल में भर्ती कराया है. सूचना पर फरीदाबाद से मृतका के पिता भी मथुरा पहुंच गए हैं. उन्होंने आरोपी के खिलाफ थाना हाइवे में तहरीर दी है. पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस के अनुसार फेसबुक पर दोस्ती से इनकार करने पर सिरफिरे युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया है.