आगरालीक्स… आगरा में सरेशाम बदमाश जेई और पांच लोगों को बंधक बनाकर 4. 50 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए, इस घटना से बिजली विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश है, उन्होंने बिल जमा करने से इन्कार कर दिया है।
सोमवार शाम चार बजे कागारौल के जेई विशाल कोस्टा व अकोला उपकेंद्र के जेई संतोष सोनी एसडीओ दफ्तर के कंप्यूटर रूम में ओटीएस स्कीम के तहत आई नकदी का लेखा-जोखा ले रहे थे। कंप्यूटर ऑपरेटर नरेश इसकी फीडिंग कर रहा था। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश कमरे में घुसे और मारपीट शुरू कर दी। एक बदमाश के हाथ में तमंचा था तो दूसरे के चाकू। बदमाश ने बिजली इंजीनियरों पर तमंचा तान दिया और काउंटर में रखी नकदी निकाल ली। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि बिजली कर्मचारियों की समझ में ही नहीं आया। दूसरी ओर तीन बदमाशों ने उपकेंद्र पर मौजूद दो लाइनमैन को कब्जे में लिया हुआ था। वे उन्हें शोर न मचाने की हिदायत दे रहे थे। एसडीओ ऑफिस और बिजली उपकेंद्र पर मौजूद कर्मचारियों को बदमाशों ने अलग-अलग कमरों में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी।
कैश लूटकर हुए फरार
दहशत फैलाने के लिए एक बदमाश ने फायर किया और वहां से दो बाइकों पर भाग निकले। गिन चुके थे 3.80 लाख रुपये आगरा। बिजली इंजीनियरों ने पुलिस को बताया कि वे दिन भर का कैश गिन रहे थे। 3.80 लाख रुपये गिने चुके थे और शेष पैसे को कैश काउंटर से निकाल रहे थे कि इसी दौरान बदमाश आ गए। करीब चार-साढ़े चार लाख रुपये का कैश बदमाश लूट कर फरार हो गए हैं। मौके पर खेरागढ़ विधायक महेश गोयल, एसएसपी दिनेश चंद्र दुबे सहित काफी फोर्स पहुंच गया था। पुलिस अफसरों ने श्वान दल भी बुला लिया। काफी देर तक आसपास के इलाके में खोजबीन होती रही लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। पुलिस टीम मामले की छानबीन में जुटी है।
Leave a comment