आगरालीक्स…आगरा में विश्वविद्यालय की छात्रा उर्वशी ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक. स्कूली नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी जीत चुकी हैं गोल्ड.
डॉ भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय की छात्रा उर्वशी ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया जा रहा है और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण है। जानकारी के अनुसार ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग चैंपियनशिप 9 से 14 मार्च तक आयोजित हुई थी, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में Dr. Bhimrao Ambedkar University का प्रतिनिधित्व करते हुए उर्वशी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और कांस्य पदक अपने नाम किया। इस सफलता में दीपक छिकारा (स्टार बॉक्सिंग क्लब, रोहतक) के साथ ही विश्वविद्यालय के कोच डॉ. बी.आर.ए. सोनू ठाकुर और कोच गौरव का विशेष योगदान रहा। कांस्य पदक जीतने के साथ ही उर्वशी ने खेलो इंडिया के लिए भी अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है। उल्लेखनीय है कि उर्वशी इससे पहले भी स्कूली नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वर्तमान में वह अपने माता-पिता के साथ दिल्ली में रहकर बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रही हैं। उर्वशी की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी खेल के क्षेत्र में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं निदेशक क्रीड़ा डॉ. अखिलेश सक्सेना ने भी उर्वशी को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।