आगरालीक्स…आगरा में चलती ट्रेन से कूदकर भागा पॉक्सो का आरोपी. रात के समय पुलिसकर्मियों को दिया चकमा और चलती ट्रेन से कूदकर हो गया फरार. पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज
किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने वाले एक आरोपी को मिर्जापुर पुलिस ने गुजरात पुलिस की मदद से अरेस्ट किया था और वह उसे लेकर ट्रेन से जा रही थी. लेकिन रात के समय आगरा में आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर चलती ट्रेन से कूद कर और भाग गया. इस मामले में एक दरोगा, एक महिला सिपाही, महिला हेड कांस्टेबल सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. इसमें बरामद किशोरी को पुलिस टीम साथ ले गई.
गुजरात से किया था अरेस्ट
मिर्जापुर के पडरी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 16 साल की लड़की 23 जुलाई की रात से लापता थी. उसके पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी. जांच मेंसामने आया था कि पडरी थाना क्षेत्र के ही बेलवन के पकरी का पुरा में रहने वाला सूरज उसे बहलाकर ले गया है. पुलिस ने उसको नामजद कर पाक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाईं. पुलिस को सूरज की लोकेशन सूरत में मिली. इस पर थाने से दरोगा विजय शंकर यादव, हेड कांस्टेबल गीता और सिपाही नीरज कुमार की टीम दो सितंबर को गुजरात गई. सूरज पुलिस की मदद से पुलिस ने किशोरी को बरामद करने के साथ ही आरोपी सूरज को भी अरेस्ट कर लिया.
मधुबनी एक्सप्रेस से लौट रहे थे. किरावली से पहले हुआ फरार
पुलिस दोनों को 4 सितंबर को लेकर मधुबनी एक्सप्रेस से मिर्जापुर वापस लौट रही थी. रात करीब एक बजे ट्रेन की गति आगरा के किरावली से पहले सिंगारपुर गांव पर थोड़ी धीमी हुई. इस पर आरोपी सूरज बहाने से ट्रेन के गेट के पास गया और चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया. उसके भागते ही पुलिस टीम परेशान हो गई. किरावली स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही आरोपी की तलाश की गई लेकिन उसका पता नहीं चला. इसके बाद दरोगा विजय शंकर यादव ने हेड कांस्टेबल गीता और सिपाही नीरज के साथ बरामद किशोरी को लेकर मिर्जापुर भेजा. जानकारी होने पर लडरी थाना से दरेागा जय प्रकाश टीम के साथ आगरा आए और फोर्ट जीआरपी थाना में लापरवाही के आरोप में दरोगा विजय शंकर यादव, हेड कांस्टैबल गीता और सिपाही नीरज कुमार पर प्राथमिकी दर्ज कराई है. फरार आरोपी सूजर को भी नामजद किया गया है.