आगरालीक्स …आगरा में नवनिर्मित कालोनी में मकान और प्लाट खरीदने से पहले तस्दीक कर लें, एडीए ने एक और कॉलोनी पर चलाया बुलडोजर, 48 घंटे में दो कॉलोनी की ध्वस्त।
आगरा में बड़े स्तर पर कॉलोनी बन रही हैं, कॉलोनी विकसित करने के लिए एडीए से नक्शा स्वीक्रत होना चाहिए। इसके साथ ही बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के बाद ही कॉलोनी बनाई जा सकती है। मगर, ऐसा नहीं किया जा रहा है। एक हजार वर्ग मीटर से अधिक जगह मिलने पर बिल्डर गेट लगाकर सड़क बना रहे हैं और बिजली के खंभे लगाकर प्लाट की बिक्री करने के साथ ही कोठी बनाकर बिक्री कर रहे हैं।

बाईंपुर में एडीए की टीम ने ध्वस्त की कॉलोनी
एडीए की टीम ने सिकंदरा में बाईंपुर रोड पर वाटरवर्क्स के पीछे बन रही कॉलोनी पर कार्रवाई की। कॉलोनी का गेट बना हुआ था और अंदर सड़क भी बनी थी। कुछ मकान भी बने हुए थे। एडीए की टीम ने सड़क को उखाड़ दिया और कॉलोनी में बन रहे मकानों को ध्वस्त कर दिया।
रुनकता में भी कॉलोनी की गई ध्वस्त
इससे पहले सोमवार को एडीए की टीम ने 1200 वर्ग मीटर में हाईवे के किनारे, रुनकता पर बन रही बीएम विरोट रेजीडेंसी पर कार्रवाई की। एडीए के टीम ने पुलिस फोर्स के साथ बीएम विराट रेजीडेंसी में कराए गए निर्माण कार्य ध्वस्त कर दिए।
250 अवैध कॉलोनियां
एडीए की सूची में 250 से अधिक अवैध कॉलोनियां हैं जिन्हें बनाते समय एडीए से नक्शा पास नहीं कराया गया है, इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।