आगरालीक्स…मैनपुरी में रिकॉर्ड जीत के बाद बांकेबिहारी जी की शरण में पति अखिलेश संग पहुंची डिंपल यादव. जीत के बाद लिया ठाकुरजी का आशीर्वाद
मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में रिकॉर्ड जीत के साथ विजयी हुईं डिम्पल यादव ने आज अपने पति और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी जी का आशीर्वाद लिया. वे चुनाव में मिली जीत के बाद पहली बार आज यहां ठाकुर जी के दर्शन को पहुंची यहां डिंपल यादव ने पूजा अर्चना की. सांसद डिंपल यादव ने कहा कि नेताजी के सम्मान में संसदीय क्षेत्र के लोगों ने जो भरोसा जताया है उसके लिए आभारी हूं.

ठाकुर जी के दर्शन के बाद पत्रकारों से बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि बांकेबिहारी जी के दर्शन करने तो हम बचपन से आ रहे हैं. वो हमारे आराध्य हैं और यही चाहता हूं कि लोग खुश रहें. इस दौरान उन्होंने भाजपा को भी आड़े हाथ लिया. उन्होंने कहा कि भाजपा का रास्ता लोगों के सपने पूरे नहीं करता बल्कि तोड़ता है. आज हर बाजार में जीएसटी का छापा पड़ रहा है. व्यापारियों का भरोसा टूट रहा है. यही हाल रहा तो भाजपा पूरी तरह से साफ हो जाएगाी. उन्होंने कहा कि भाजपा ने नौजवानों को रोजगार का सपना दिखाया लेकिन नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है बल्कि वे भटक रहे हैं.