आगरालीक्स.. आगरा के 12 लोगों की दो अलग अलग हादसे में मौत से मचा कोहराम, ताज डिपो की बस और ट्रक की भीषण भिडत में आगरा के छह लोगों की मौत, दूसरे हादसे में टाटा मैजिक पेड से टकराई, हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। ये आगरा के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
आगरा के ताज डिपो की बस बुलंदशहर से आगरा आ रही थी। शनिवार रात को बुलंदशहर के कोतवाली देहात के ठण्डी पियाऊ के पास ताज डिपो आगरा की बस और ट्रक के बीच भीषण भिडंत हुई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। हादसे में आगरा की सुनीता देवी पत्नी मनोज कुमार निवासी रुनकता थाना सिकंदरा, आराधना पत्नी संतोष चौहान निवासी गोविंद ग्रीन सिटी थाना सिकंदरा, अंजलि पत्नी चेतन निवासी भोगीपुरा, सुनीता देवी पत्नी मोहन, अनिल निवासी आगरा और बस ड्राइवर सियाराम त्यागी पुत्र प्रीतम त्यागी निवासी धौलपुर राजस्थान की मौत हो गई।
टाटा मैजिक पेड से टकराई, छह की मौत
दूसरा हादसा अलीगढ से आगरा आ रही टाटा मैजिक से हुआ है। शनिवार रात को सासनी में कन्या गुरुकुल के पास एक पेड़ से जा टकराई। टाटा मैजिक में नौ लोग थे, भीषण हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से टाटा मैजिक में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सका। मृतकों में से दो की शिनाख्त शौकीन व महबूब निवासी बरहन (आगरा) के रूप में हुई है। अन्य म्रतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है, ये भी आगरा के बताए जा रहे हैं। घायल की पहचान अलीशेर पुत्र मुन्ना निवासी मदनगढ़ी, फरह(आगरा) के रूप में हुई है।