आगरालीक्स… आगरा दुल्हन को दूल्हे का इंतजार था, बारात आनी थी, इससे पहले पता चला कि दूल्हा फरार हो गया है। दुल्हन पक्ष ने दूल्हा और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज कराया है।
न्यू आगरा थाना निवासी 21 वर्षीय युवती की शादी ताजगंज की एकता चौकी निवासी पिंटू दिवाकर से तय हुई थी और बरात 24 नवंबर को क्षेत्र से आनी थी। दूल्हा पिंटू दिवाकर संजय प्लेस स्थित एक शोरूम में कर्मचारी है। लड़की के परिजनों का कहना हे कि 22 नवंबर को उन्होंने लगुन में लड़के को करीब एक लाख की बाइक, डेढ़ लाख रुपये नकद के अलावा लाखों का सामान दिया था। बुधवार सुबह दूल्हे के पिता ने फोन कर बताया कि दूल्हा दहेज में कार मांग रहा है। उन्होंने अचानक रखी मांग को पूरी करने में असमर्थता जताई। इसके बाद शाम चार बजे लड़के के परिजनों ने फोन कर बताया कि दूल्हा घर से फरार हो गया है। इस पर लड़की के परिजन न्यू आगरा थाने पहुंच गए। उन्होंने दूल्हा पिंटू, पिता रमेश तथा भाइयों सुनील, अमित समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज करा दिया।
Leave a comment