आगरालीक्स ..आगरा में घर पर झालर लगाते हुए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी, युवक की हत्या से चीख पुकार मच गई। घर में घुसकर युवक की कनपटी पर गोली मारकर चार हमलावर हथियार लहराते हुए यमुना नदी के रास्ते भाग निकले। हत्याकांड के पीछे रंजिश बताई जा रही है।
शनिवार रात को खंदौली के गांव गिजौली निवासी 32 वर्षीय थान सिंह घर के अंदर झालर लगा रहा था। रात करीब सवा आठ बजे हथियारों से लैस चार हमलावरों ने घर में उसे दबोच लिया। जमीन पर पटकने के बाद कनपटी में गोली मार दी। उसकी चीख-पुकार और गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार की महिलाएं बाहर कमरे में पहुंच गई। तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे। हत्या की घटना से घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने हमलावरों को दबोचने के लिए घेराबंदी का प्रयास किया, लेकिन वह यमुना नदी में नाव की मदद से भाग निकले।
रंजिश में हुई हत्या
मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया थान सिंह का बड़ा भाई कोमल सिंह हत्या के मामले में जेल में निरुद्ध है। पिछले साल अगस्त में दयालबाग, न्यू आगरा में युवक की हत्या कर दी गई थी। इसमें थान सिंह के भाई कोमल सिंह उर्फ मंत्री को भी नामजद किया गया था। इससे पुलिस हत्याकांड के पीछे रंजिश मान रही है। इंस्पेक्टर खंदौली अवन कुमार दीक्षित ने बताया शक के दायरे में आए लोगों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
Leave a comment