आगरालीक्स…आगरा में यूपी टी20 लीग के लिए ऑक्शन कल. छह फ्रेंचाइजी 250 खिलाड़ियों पर लगाएंगी बोली. आगरा के 10 खिलाड़ी भी शामिल.. जियो हॉटस्टार पर होगा लाइव. जानें टीमों के नाम, कब और कहां होंगे मैच सहित पूरी जानकारी
यूपी में जल्द ही क्रिकेट का रोमांच सिर चढ़कर बोलने वाला है. उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से यूपी टी20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त को लखनऊ के इकाना स्टेडियम से शुरू होगा. फाइनल मैच छह सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा. गुरुवार को आगरा के ताजगंज स्थित ताज कन्वेंशन सेंटर में यूपी टी20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने इसकी जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि लीग के अधिकतर मैच मुख्य रूप से लखनऊ और कानपुर में खेले जाएंगे, इसके बाद फार्मेट बदलकर दूसरे शहरों में भी मैच कराए जाएंगे. पूरा आयोजन आईपीएल की तर्ज पर होगा.250 खिलाड़ियों के लिए लगेगी बोली
शुक्रवार को होटल ताज कन्वेंशन सेंटर में लीग के लिए आक्शन होगा. बोली में आक्शनर अंगद बेदी होंगे. इसका लाइव प्रसार जियो हॉटस्टार पर होगा. लीग में शामिल छह टीमों द्वारा 250 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी. इसमें आगरा के भी 10 खिलाड़ी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि यह लीग यूपी के युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराएगी. इससे प्रदेश के क्रिकेट को नई ऊंचाई मिलेगी और नई प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी.
6 फ्रेंचाइजी लगाएंगी बोली
यूपी टी 20 लीग में विभिन्न टीमों के पास पर्स में भी पर्याप्त बैलेंस है. जिसमें गोरखपुर लायंस के पास 55.90 लाख रुपये, नोएडा सुपर किंग्स के पास 80.60 लाख रुपये, मेरठ मावरिक्स के पास 28.70 लाख रुपये, लखनऊ फाल्कंस के पास 30.20 लाख रुपये, काशी रुद्रास के पास 47.15 लाख रुपये और कानपुर सुपरस्टार्स के पास 60 लाख रुपये हैं. 10 खिलाड़ी पांच लाख रुपये में, 45 खिलाड़ी साढ़े तीन लाख रुपये में और बाकी खिलाड़ी ढाई लाख रुपये में फ्रेंचाइजी खरीदेंगी.
लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि पूरा आयोजन आइपीएल की तर्ज पर होगा, जिससे दर्शकों को आइपीएल जैसा अनुभव मिलेगा. संजय कपूर ने बताया यूपी टी20 लीग के तरह जल्द ही महिला लीग भी शुरू की जाएगी और इसकी तैयारी चल रही है. प्रेस वार्ता में डिस्ट्रिक क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन एवं उपाध्यक्ष राजेश सहगल, गवर्निंग काउंसिल टी 20 उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य संजीव कुमार सिंह एवं उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया चेयरमैन मोहम्मद फहीम उपस्थित रहे.