आगरालीक्स… टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका ने राइनो रूसो के शानदार शतक की बदौलत आज बांग्लादेश को 104 रनों से मात देकर पहली जीत दर्ज की।
रूसो और डीकाक की विस्फोटक बल्लेबाजी

विश्वकप के ग्रुप बी के आज पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। कप्तान बबूमा के जल्द आउट होने के बाद राइनो रूसो और क्लिंटन डी काक ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर दक्षिण अफ्रीका के स्कोर को तेज गति से आगे बढ़ाना शुरू कर दिया। एक बार तो दोनों की बल्लेबाजी से लग रहा था कि दक्षिण अफ्रीका की टीम 230 या 240 रन का स्कोर खड़ा करेगी लेकिन डी काक के आउट होने के बाद रन गति में ब्रेक लग गया।
विश्वकप का पहला शतक, आखिरी चार ओवर में लगा ब्रेक
इसके बाद पहले स्टब्स और बाद में रूसो भी 109 रन बनाकर आउट हो गए। रूसो का इस विश्व कप में पहला शतक है और उन्होंने लगातार दूसरा शतक जमाया है। इससे पहले वह इंदौर में शतक जमाकर आस्ट्रेलिया आए थे। आखिरी चार ओवरों में बांग्लादेश की सधी गेंदबाजी के आगे दक्षिण अफ्रीका की टीम 205 रन का स्कोर खड़ा कर सकी।
बांग्लादेश की टीम 101 रन पर ही सिमट गई
बांग्लादेश की टीम दक्षिण अफ्रीका के स्कोर के दबाव में आ गई। हालांकि पहले ओवर में 17 रन बनाकर तेज शुरुआत की लेकिन इसके बाद उसके बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होते चले गए र पूरी टीम 101 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश की ओर से सबसे ज्यादा 34 रन लिटन दास ने बनाए। नोकिया ने चार और शम्सी ने तीन विकेट लिए।