आगरालीक्स…आगरा में सीएम योगी के सख्त आदेश—बरसात में खराब हुई सड़कों का अभी से करें सर्वे, बरसात समाप्ति के तत्काल बाद गड्ढामुक्ति के लिए चलाएं अभियान. सभी प्रमुख मन्दिरों के सम्पर्क मार्गों का करें निर्माण
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आयुक्त सभागार में आगरा मण्डल के मा0 मंत्रियों, विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों के साथ विकास कार्यों से सम्बन्धित मण्डलीय समीक्षा बैठक की गई. मुख्यमंत्री ने सभी सम्बन्धित विभागों के प्रमुख सचिवों व अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जनप्रतिनिधियों के जो प्रस्ताव आयें हैं, उन्हें कार्ययोजना में शामिल करें तथा नवीन प्रस्ताव यथा सड़क, पुल, फ्लाई ओवर, बाइपास तथा इंटर स्टेट बार्डर कनेक्टिविटी आदि कार्यों को वरीयता के आधार पर कार्ययोजना में शामिल कर समय से स्वीकृति करायें तथा गुणवत्तायुक्त कार्य पूर्ण कर, आमजन को लोकार्पित करें, जिससे कि समाज के अंतिम पायदान तक विकास पहुंच सके.सीएम योगी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव लेने, बरसात के बाद युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने हेतु अभी से सर्वे कर तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए. सीएम ने स्पष्ट निर्देशित किया कि निर्माण एजेंसी व कॉन्टै्रक्टर द्वारा बनाई गई प्रत्येक सड़क की गारंटी की समय सीमा होती है, गारंटी सीमा के अन्तर्गत सड़क टूटती है, तो जांच कर सम्बन्धित से मरम्मत कार्य कराया जाए, कॉन्ट्रैक्टर द्वारा इसमें लापरवाही करने पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए. सभी सड़को, राजमार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर प्रभावी कार्य कर उन्हें समाप्त करने, सघन आबादी व भारी ट्रैफिक क्षेत्रों में फ्लाई ओवर व बाईपास के प्रस्ताव बनाने, जनमानस की समस्याओं को देखते हुए जनपद की चम्बल, यमुना, उटंगन, पार्वती आदि नदियों पर जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव लेकर दीर्घ व लघु सेतु तथा पाल्टून पुल के प्रस्ताव शीघ्र बनाकर कार्य प्रारम्भ करने को निर्देशित किया.
पर्यटन विभाग के द्वारा दिए गये प्रजेंटेशन में बताया गया कि मण्डल में पर्यटन विकास हेतु 590 करोड़ रूपये की 160 परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिसमें 379 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की गई है, 92 परियोजना पूर्ण हैं तथा 68 परियोजनाओं पर कार्य प्रगतिशील है. मुख्यमंत्री ने धर्मार्थ कार्य विभाग, मन्दिर में आने वाले दर्शनार्थियों व श्रद्धालुओं की संख्या के आधार पर सभी प्रमुख शहरी व ग्रामीण मन्दिरों के सम्पर्क मार्गों का निर्माण कराने के निर्देश दिए. जयवीर सिंह ने बताया कि आगरा में 28 परियोजनाएं अनुमोदित की गयी है, जिसमें आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी, फतेहाबाद के लिए 01-01 करोड रूपये, आगरा दक्षिण के लिए 02 करोड रूपये, आगरा खैरागढ़, आगरा उत्तर, आगरा कैंट तथा आगरा उत्तर के लिए क्रमशः 01 करोड, 02 करोड की परियोजनाएं स्वीकृत की गयी है. इसके तहत इटौरा के कैला माता मंदिर, शीतला कुंड धाम मंदिर, सती माता मंदिर, पृथ्वी नाथ महोदव मंदिर, बाबा दीनदयाल धाम मंदिर, नाथ संप्रदाय के प्राचीन मंदिर, पर्यटन कार्यालय के पुराने भवन का जीर्णोद्वार तथा आगरा उत्तर स्थित गुरु का ताल गुरुद्वारा आदि के पर्यटन विकास कार्य कराए जाएंगे.बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में जलभराव एक प्रमुख समस्या है, इस हेतु सभी नगरीय निकाय ड्रेनेज निर्माण की प्रभावी कार्ययोजना बनायें, सिर्फ नाला व नालियां निर्माण ही नहीं बल्कि ड्रेनेज के अन्तिम स्तर पर जल निकासी की उचित व्यवस्था हेतु कार्ययोजना में शामिल करें.