आगरालीक्स…आगरा में आरएसएस के ‘माधव भवन’ का लोकार्पण कल. पांच मंजिला बिल्डिंग, तीन एसी हॉल, वाइफाई सहित फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं…
आगरा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, ब्रज प्रांत के आगरा स्थित पुनर्निर्मित प्रांतीय कार्यालय ‘माधव भवन’ का भव्य लोकार्पण कल, 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) को होने जा रहा है। माघ कृष्ण द्वादशी, संवत् 2082 के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। भवन का लोकार्पण सुबह 10ः00 बजे शारदा पीठाधीश्वर जगदगुरू शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम जी महाराज एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल जी द्वारा होगा।

फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं
49 साल बाद नये रंग रूप में तैयार हुआ माधव भवन में फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं हैं. एंट्री गेट से लेकर अंदर तक आधुनिक सुविधाएं हैं. पांच मंजिला बिल्डिंग में बने इस माधव भवन में तीन एसी हॉल हैं तो वहीं चमचमाता फर्श, आधुनिक किचन, लिफ्ट और वाइफाई की सुविधा स्वयंसेवकों को मिलेगी. सितंबर 2022 से इसमें काम चल रहा था.
ऐतिहासिक महत्वः
विदित हो कि 1977 से जयपुर हाउस स्थित ‘माधव भवन’ ब्रज प्रांत में संघ की गतिविधियों और सेवा कार्यों का प्रमुख केंद्र रहा है। स्थान की आवश्यकता और बढ़ते कार्य विस्तार को देखते हुए इस भवन का पुनर्निर्माण किया गया है। पुनर्निर्मित भवन आज की आवश्यकता के अनुसार बनाया गया है। लोकार्पण समारोह को लेकर स्वयंसेवकों में भारी उत्साह है। कार्यक्रम स्थल को भगवा ध्वजों और फूलों से सजाया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल जी मुख्य वक्ता के रूप में रहेंगे। प्रांत के विभिन्न जिलों से वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य अतिथि इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए आगरा पहुँच रहे हैं।